हरिओम कुमार
हरनौत(अपना नालंदा)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन गुरुवार को हरनौत प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों द्वारा केक काटा गया और राहुल गांधी की लंबी उम्र तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने देशभर में न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
प्रखंड अध्यक्ष सुभाष यादव ने कहा, “आज हमारे नेता राहुल गांधी देशभर में घूम-घूम कर दबे-कुचले, वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज़ उठा रहे हैं। वे आम जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे न्याय योद्धा का जन्मदिन मनाना हम सबके लिए गर्व की बात है।”
इस मौके पर कार्यक्रम में कांग्रेस जिला प्रवक्ता मुन्ना पांडे, सकल गोप, अनुज कुमार, अमन कुमार, बिंदेश्वरी प्रियदर्शी, अरुण पांडे, सुदामा यादव, सुरेंद्र यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।