जनसुनवाई में उठीं जनसमस्याएं, किरायेदारों से अधिक बिजली शुल्क नहीं लें

Written by Sanjay Kumar

Published on:

पटना (अपना नालंदा)। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय, पटना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल तथा मंत्री शीला मंडल ने विभिन्न जिलों से आए लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitish Kumar का जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कार्यालय पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि वे कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं के प्रति हमेशा संवेदनशील रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके मार्गदर्शन में प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार तक नियमित रूप से जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है और इसकी लगातार निगरानी भी की जाती है।

विजय कुमार चौधरी ने केंद्र में एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि गठबंधन सरकार आगे भी जनकल्याण और विकास के लिए कार्य करती रहेगी। उन्होंने विपक्ष पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार चुनाव को लेकर फैलाए गए कई भ्रम अब जनता के सामने स्पष्ट हो चुके हैं।

इस अवसर पर मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि किरायेदारों से सरकार द्वारा निर्धारित बिजली दरों के अनुसार ही शुल्क लिया जाना चाहिए। यदि कहीं अधिक वसूली या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो विभाग जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में बिजली कटौती की कोई व्यापक समस्या नहीं है।

मंत्री शीला मंडल ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्र में बिहार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में आरक्षण, जीविका समूहों के विस्तार तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में सरकार लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Comment