प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, हालत गंभीर; चार नामजद समेत कई पर प्राथमिकी दर्ज

Written by Sanjay Kumar

Published on:

मोहम्मद जियाउद्दीन
इस्लामपुर (अपना नालंदा)। इस्लामपुर नगर में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। घायल प्रॉपर्टी डीलर को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

घटना इस्लामपुर-धमौली मुख्य सड़क मार्ग स्थित सुभाष हाई स्कूल मैदान के समीप गुरुवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। घायल की पहचान खुदागंज थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी कृष्ण प्रसाद के पुत्र राजीव कुमार के रूप में हुई है। राजीव कुमार वर्तमान में इस्लामपुर में अपना मकान बनाकर रह रहे थे तथा प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे।

जानकारी के अनुसार राजीव कुमार गुरुवार रात बाइक से इस्लामपुर बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुभाष हाई स्कूल मैदान के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी बाइक रुकवाई और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि अपराधियों ने बेहद नजदीक से गोली चलाई, जो राजीव कुमार को जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने तत्काल घायल को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली शरीर के संवेदनशील हिस्से में लगी है, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही इस्लामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।

इस संबंध में डीएसपी हिलसा-2 कुमार ऋषि राज ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, जमीन विवाद तथा पेशागत दुश्मनी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल के फर्द बयान के आधार पर चार नामजद एवं अन्य अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध इस्लामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डीएसपी ने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि देर रात हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Comment