थरथरी में डिग्री कॉलेज शुरू होने की तैयारी तेज, स्थापना डीपीओ ने किया औचक निरीक्षण

Written by Sanjay Kumar

Published on:

थरथरी (अपना नालंदा)। थरथरी प्रखंड के मध्य विद्यालय भतहर परिसर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के संचालन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही हैं। इसी क्रम में स्थापना डीपीओ आनंद शंकर ने शनिवार को कॉलेज परिसर का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की स्थिति, कॉलेज के लिए पहुंच रही आवश्यक सामग्री, कक्षाओं की व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान डीपीओ ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि महाविद्यालय के संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए फर्नीचर, कार्यालय व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने परिसर की नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
डीपीओ ने बताया कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उनके घर के समीप ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से थरथरी में डिग्री कॉलेज की शुरुआत की जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने निरीक्षण का स्वागत करते हुए कहा कि डिग्री कॉलेज खुलने से क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बिहारशरीफ, हिलसा, नवादा अथवा अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी तथा विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। लोगों का मानना है कि कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र में शैक्षणिक वातावरण मजबूत होगा और युवाओं को बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सामने आ रही विभिन्न समस्याओं की भी जानकारी ली और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। मौके पर लिपिक भूपेंद्र कुमार, रमाकांत, मनोज कुमार, विनोद कुमार, जहेन्द्र यादव सहित कई अन्य कर्मी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment