जोंटी स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 में अजय यादव बने मैन ऑफ द मैच, प्रशांत की विस्फोटक पारी ने लूटी महफिल
विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। सरदार पटेल स्टेडियम, चंडासी में आयोजित जोंटी स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 के दूसरे मुकाबले में जोलाहपुरा क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेलधना क्रिकेट क्लब को 42 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच में प्रशांत पांडेय की विस्फोटक बल्लेबाजी और अजय यादव के हरफनमौला प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जोलाहपुरा के कप्तान जीतू ने बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज मनिंदर मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे ओपनर नवीन ने 24 रनों का योगदान दिया। इसके बाद अजय यादव और प्रशांत पांडेय ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की।
प्रशांत पांडेय ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए, जिसमें 10 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि उन्होंने सोनू के एक ही ओवर में लगातार पांच छक्के जड़कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं अजय यादव ने 23 गेंदों में 57 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी की बदौलत जोलाहपुरा ने निर्धारित 12 ओवर में 4 विकेट खोकर 164 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
बेलधना की ओर से रौशन, विश्वास और अभिनीत ने एक-एक विकेट हासिल किया।
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेलधना क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। हालांकि पुरूषोत्तम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में 46 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। आशुतोष कुमार ने 14 और अभिजीत ने 13 रन बनाए। पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 121 रन ही बना सकी।
जोलाहपुरा की ओर से अजय यादव ने 3 विकेट, अजीत ने 2 विकेट तथा मनिंदर ने 2 विकेट लेकर बेलधना की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
हरफनमौला प्रदर्शन के लिए अजय यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजक प्रेम कुमार एवं विकास पांडेय ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम में मौजूद रहे। प्रशांत पांडेय की आतिशी बल्लेबाजी और जोलाहपुरा की शानदार जीत ने टूर्नामेंट के रोमांच को और बढ़ा दिया।







