गांधी जयंती पर बरनौसा पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने का लिया संकल्प

Written by Sanjay Kumar

Published on:

राजगीर (अपना नालंदा)। गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत अभियान के अवसर पर आइडिया संस्था की ओर से बरनौसा पंचायत में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास को मजबूत करना रहा।

इस दौरान बरनौसा पंचायत की मुखिया संध्या कुमारी सिंह ने पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने की पहल की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, अभिभावकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को मिलकर लगातार प्रयास करना होगा। बच्चों का कम उम्र में विवाह कराने के बजाय उन्हें शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में आइडिया संस्था के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी। लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास होने वाले बाल विवाह की सूचना संबंधित प्रशासन को दें और इसे रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

आइडिया संस्था के प्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बाल विवाह रोकने तथा पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता, बाल अधिकार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुखिया संध्या कुमारी सिंह, मनीष सिंह, पंचायत सचिव उपेंद्र प्रसाद, आइडिया संस्था के मंटू कुमार, उज्ज्वल कुमार, संस्था के कार्यकर्ता तथा बरनौसा पंचायत के वार्ड सदस्य रिंकू सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment