20 दिनों से जलमग्न पंचशील नगर, सड़क-नाली के अभाव में बढ़ा संक्रामक बीमारियों का खतरा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत नगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित पंचशील नगर पिछले करीब 20 दिनों से जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। नाली और पक्की सड़क के अभाव में बारिश का पानी तथा घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर जमा हो गया है। इससे पूरे मुहल्ले में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुहल्ले में वर्षों से नाली और सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन नगर पंचायत की ओर से इस दिशा में कोई स्थायी पहल नहीं की गई। नतीजतन हर वर्ष बरसात के मौसम में पूरे इलाके में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस बार भी पिछले 20 दिनों से लोग गंदे पानी के बीच रहने को मजबूर हैं।
मुहल्ले की निवासी वीणा देवी समेत अन्य लोगों ने बताया कि घरों के शौचालय, बाथरूम और रसोई का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और मलेरिया, डेंगू सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि नगर पंचायत की ओर से नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर या कीटनाशक का छिड़काव भी नहीं कराया जाता, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
सोमवार सुबह हुई मानसूनी बारिश के बाद हालात और खराब हो गए। जलस्तर बढ़ने से कई गलियों में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। लोग वैकल्पिक रास्तों से आने-जाने को मजबूर हैं, जबकि कई परिवार घरों में ही सीमित होकर रह गए हैं। जलजमाव के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि मुहल्ले में स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है और जलजमाव के कारण लोगों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति काफी जोखिम भरी हो गई है।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संजय शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) सौरभ सुमन सहित अन्य अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-11 और 17 को जोड़ने वाली लगभग 600 फीट लंबी एवं 30 से 40 फीट चौड़ी सड़क के निर्माण की आवश्यकता पर चर्चा हुई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।
वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी सौरभ सुमन ने कहा कि पंचशील नगर की समस्या उनके संज्ञान में है। नगर पंचायत स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जल्द ही जलनिकासी तथा सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल जलनिकासी, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और सड़क-नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

Leave a Comment