नूरसराय पंचायत समिति की बैठक में दो करोड़ की योजनाओं पर मुहर, गांवों में पुस्तकालय-सोलर लाइट व यात्री शेड का होगा निर्माण

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। नूरसराय प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को प्रखंड प्रमुख रेखा देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब दो करोड़ रुपये की योजनाओं पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा संबंधित अधिकारियों से उनके शीघ्र समाधान की मांग की।


बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दूध नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्होंने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से कहा कि गांवों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर नौनिहाल बच्चों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने गरीब एवं मजदूर परिवारों के बच्चों को निर्धारित पोषाहार उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
किसानों की समस्याओं पर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने धान की फसल में उपयोग होने वाले उर्वरक की कीमत बढ़ने का मुद्दा उठाते हुए बताया कि जो खाद 266 रुपये प्रति बैग निर्धारित कीमत के आसपास मिलनी चाहिए, वह कई जगहों पर करीब 400 रुपये प्रति बैग में बिक रही है। इससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
बीडीओ जियाउल हक ने बताया कि पंचायत समिति की बैठक में लगभग दो करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य किया जाएगा। गांवों में आवश्यकतानुसार पुस्तकालय, सोलर लाइट एवं यात्री शेड का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में राशन कार्ड बनाने से संबंधित विषय पर भी चर्चा हुई। जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड का लाभ दिलाने और लंबित मामलों के निष्पादन पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
मनरेगा से संबंधित योजनाओं को लेकर पीओ संजय कुमार ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में बड़ी संख्या में फलदार पौधे लगाए जाने की योजना है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने और भविष्य में लोगों को फलदार वृक्षों का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अविनाश चंद्रा ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने पर सीधे उनसे संपर्क करें, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके।
बैठक में सीओ दीपक कुमार, उपप्रमुख अविनाश कुमार मौर्या, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह पपरनौसा पंचायत के मुखिया अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू मुखिया, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अविनाश कुमार, जेई राजीव कुमार, पीओ संजय कुमार, पिंकी कुमारी, सीडीपीओ राजेश कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान नूरसराय पंचायत के मुखिया कृष्ण प्रसाद, दरुआरा पंचायत के मुखिया सोनू सुलतान, बाराखुर्द पंचायत की मुखिया शोभा देवी, जगदीशपुर तियारी पंचायत की मुखिया सुनीता देवी, मुखिया महेश मोची, नवल प्रसाद यादव, डोईया पंचायत के मुखिया रवि राम सहित पंचायत समिति सदस्य मनोज चौधरी, चंचला कुमारी, सुरेंद्र कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि स्वीकृत योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन होने से नूरसराय प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, रोशनी, शिक्षा, यात्री सुविधाओं और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार आएगा।

Leave a Comment