विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। रोटरी क्लब ऑफ नालंदा ने नए रोटरी वर्ष 2026–27 का शुभारंभ सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ किया। वर्ष के पहले ही दिन क्लब ने नूरसराय प्रखंड के सकरौढ़ा गांव में एक साथ पांच जनहितकारी परियोजनाओं का सफल आयोजन कर समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
क्लब की ओर से आयोजित प्रमुख परियोजनाओं में तालाब का जीर्णोद्धार, वृक्षारोपण अभियान, सरकारी विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर शामिल रहे। स्वास्थ्य शिविर में 40 वर्ष से अधिक आयु के ग्रामीणों का ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, लंबाई और वजन की जांच की गई। साथ ही चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया।
संध्या के समय क्लब द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर कल्याण ज्वेलर्स परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को समाज और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट दोनों ही समाज की प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नए रोटरी वर्ष में क्लब की नई कार्यकारिणी ने भी अपनी जिम्मेदारी संभाली। रोटेरियन गगन विरमानी ने अध्यक्ष, रोटेरियन दिग्विजय नारायण सिंह ने सचिव तथा रोटेरियन रविशंकर कुमार ने कोषाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालते हुए समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। सचिव पद की जिम्मेदारी मिलने पर दिग्विजय नारायण सिंह को सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान क्लब ने प्रथम दिवस की सभी पांच परियोजनाओं के परियोजना अध्यक्षों को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, समर्पण एवं सफल आयोजन के लिए सम्मानित किया। साथ ही सभी रोटेरियन सदस्यों के सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
क्लब अध्यक्ष गगन विरमानी ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ नालंदा पूरे वर्ष 2026–27 में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाई जा सके और सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाया जा सके।
इस अवसर पर गगन विरमानी, दिग्विजय नारायण सिंह, रविशंकर कुमार, राजा, डॉ. अजय, अर्चना, नीलेश, पंकज, डॉ. अवधेश, संजीत, ओमप्रकाश, रविशंकर, आदित्य, डॉ. अजीत, शशिकांत सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेवा से नए रोटरी वर्ष का आगाज़: रोटरी क्लब ऑफ नालंदा ने एक दिन में पूरी कीं पांच जनकल्याणकारी परियोजनाएं, दिग्विजय बने सचिव
Written by Sanjay Kumar
Published on:







