सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। प्रखंड अंतर्गत हरिओमपुर ग्राम में भूतपूर्व रिटायर शिक्षक जगदीश प्रसाद के सुपुत्र संतोष कुमार के आकस्मिक निधन के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री सह स्थानीय विधायक श्रवण कुमार शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।
मंत्री श्रवण कुमार ने दिवंगत संतोष कुमार के पिता जगदीश प्रसाद एवं अन्य परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस दौरान प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, टुनटुन सिंह, शैलेंद्र प्रसाद, भूतपूर्व मुखिया संतोष कुमार, नवल सिंह, पप्पू राम, जितेंद्र सिंह लालाजी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। गांव के लोगों ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट की समस्या भी उठाई। ग्रामीण महिलाओं ने पानी की गंभीर समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में गांव में पानी की भारी किल्लत हो रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री श्रवण कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उनके आगमन से शोकाकुल परिवार को जहां मानसिक संबल मिला, वहीं ग्रामीणों ने भी अपनी स्थानीय समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।





