बेन में दुग्ध उत्पादकों को मिला बोनस का तोहफा, 476 किसानों के बीच राशि व उपहार का वितरण

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। बेन प्रखंड स्थित दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड द्वारा गुरुवार को दुग्ध उत्पादकों के सम्मान में बोनस वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहारशरीफ डेयरी परियोजना के मुख्य कार्यपालक अरविंद कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह का संचालन समिति के सचिव मनोज कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच समिति से जुड़े 476 दुग्ध उत्पादक किसानों से लगभग 2 करोड़ 35 लाख 42 हजार रुपये मूल्य का दूध क्रय किया गया। इस अवधि में समिति को 4 लाख 67 हजार 262 रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। समिति की वार्षिक आमसभा की स्वीकृति के बाद इस लाभांश को बोनस के रूप में किसानों के बीच वितरित किया गया।
बोनस वितरण के दौरान किसानों को नकद राशि, पीतल के उपयोगी बर्तन, तथा कैल्शियम एवं मिनरल सप्लीमेंट प्रदान किए गए। इसके अलावा आसपास की दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों के अध्यक्षों और सचिवों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालक अरविंद कुमार सिन्हा ने कहा कि डेयरी व्यवसाय ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि किसान वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करें और पशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान दें, तो दूध उत्पादन बढ़ने के साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
डेयरी परियोजना से आए विशेषज्ञों ने किसानों को दुधारू पशुओं के संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता, उचित रखरखाव एवं आधुनिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभदायक बनाने का आह्वान किया।
समारोह में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान, समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी किसानों एवं अतिथियों के लिए नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की गई। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Comment