कतरीसराय को मिली उच्च शिक्षा की नई पहचान, डिग्री कॉलेज खोलने की मंजूरी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। कतरीसराय प्रखंड के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। वर्षों से लंबित डिग्री कॉलेज की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। बिहार सरकार ने कतरीसराय में नए डिग्री कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों और छात्रों ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया है।
इस मांग को लेकर लगातार प्रयास कर रहे युवा समाजसेवी प्रिन्स पटेल की मेहनत रंग लाई है। उन्होंने कई बार बिहार के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं मुख्य सचिव से मुलाकात कर कतरीसराय में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग रखी थी। उनका कहना था कि प्रखंड एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी।
प्रिन्स पटेल ने कहा कि क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को अब अपने ही इलाके में स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं गरीब परिवारों के बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बिहार सरकार के इस फैसले को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सरकार द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद नए डिग्री कॉलेज के प्रथम प्राचार्य के रूप में नालंदा कॉलेज एवं डिग्री कॉलेज राजगीर के पूर्व प्राचार्य रामकृष्ण परमहंस की नियुक्ति की गई है। शिक्षा जगत में उनके लंबे अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए लोगों ने उम्मीद जताई है कि कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनेगा।
फिलहाल यह डिग्री कॉलेज टेक नारायण हाई स्कूल, बादी परिसर से संचालित किया जाएगा। स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने तक यहीं से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की जाएंगी।
डिग्री कॉलेज की मंजूरी मिलने के बाद कतरीसराय सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कॉलेज क्षेत्र के शिक्षा विकास में मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा।

Leave a Comment