जीविका के 20 साल पूरे, नालंदा में महिला सशक्तिकरण पर हुआ नीतीश संवाद कार्यक्रम

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहारशरीफ के सोहडीह स्थित सम्राट अशोक भवन में नालंदा जिला महिला जनता दल यूनाइटेड की ओर से ‘नीतीश संवाद : जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। बिहार के विभिन्न जिलों में भी इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर तथा महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान जीविका के दो दशक के सफर और महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में इसकी भूमिका पर चर्चा हुई।

मंत्री श्वेता गुप्ता ने कहा कि महिला सशक्त होगी तो परिवार भी सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ सामाजिक एवं सामुदायिक स्तर पर नेतृत्व का अवसर मिला है। उन्होंने महिलाओं के लिए पंचायत एवं नगर निकायों में आरक्षण, सरकारी नौकरियों तथा पुलिस में आरक्षण सहित विभिन्न अवसरों का उल्लेख किया।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जीविका के दो दशकों के सफर ने बिहार में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी निभा रही हैं।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों, बैंकिंग, कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों और जीविका के माध्यम से आए बदलाव पर भी चर्चा की गई। जीविका की 20 वर्ष की यात्रा में स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को बचत, बैंकिंग, ऋण, प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने पर जोर रहा है।

Leave a Comment