“बाबा महतो साहब के नाम पर आईटीआई और अस्पताल, सीएम का बड़ा ऐलान—नालंदा में विकास की नई गूंज”

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार/अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड अंतर्गत प्रणावां गांव में आयोजित श्री श्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब राजकीय मेला-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेले का उद्घाटन करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें सबसे प्रमुख प्रणावां स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नामकरण बाबा महतो साहब के नाम पर करने की घोषणा रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा बाबा महतो साहब मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद आयोजित मुख्य समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।


अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार को नई दिशा दी है और इसी क्रम में बाबा महतो साहब मेला को राजकीय दर्जा दिलाकर इसकी गरिमा बढ़ाई है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के विजन को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महतो साहब ने करीब 800 वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में भाईचारा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया था। उनका जीवन समाज को जोड़ने और सही मार्ग दिखाने का प्रतीक रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाबा महतो साहब के आदर्शों को अपनाकर समाज में शांति और सौहार्द को मजबूत करें।
विकास योजनाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और इसे और सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब बिहार समृद्ध होगा, तभी देश भी सशक्त बनेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 19 मई से “सहयोग अभियान” की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत हर पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह दो दिन विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां ब्लॉक, अंचल और थाना से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन को लोगों की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा में करना होगा।


महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बहन-बेटियों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्कूल और कॉलेजों के आसपास पुलिस की विशेष तैनाती सुनिश्चित की जाएगी ताकि छात्राएं सुरक्षित माहौल में शिक्षा ग्रहण कर सकें।
शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों की गुणवत्ता इतनी बेहतर होगी कि यहां गरीबों के बच्चों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बच्चे भी पढ़ना चाहेंगे। उन्होंने हाल ही में आयोजित जिलाधिकारियों की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि मॉडल स्कूल की सफलता तभी संभव है जब समाज के हर वर्ग के बच्चे वहां पढ़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 1 करोड़ रोजगार सृजन का जो लक्ष्य रखा गया है, उसे पूरा करने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए विशेष पहल की जा रही है और 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बाबा महतो साहब मेला के सुचारू आयोजन के लिए भूमि अधिग्रहण किया जाएगा तथा मुख्य सड़क से मेला स्थल तक बेहतर सड़क निर्माण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा हो सके।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, सांसद शंभू शरण पटेल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सरकार की योजनाओं की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक डॉ. सुनील कुमार, शीला कुमारी, जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र मेहता, ललित कुमार मंडल, विधान पार्षद रीना यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।

समापन में मुख्यमंत्री ने सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के विकास और समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा महतो साहब के आशीर्वाद से बिहार प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।

Leave a Comment