मोहम्मद जियाउद्दीन
इस्लामपुर (अपना नालंदा)। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत इस्लामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 37 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
शुक्रवार को इस्लामपुर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा मोबाइल लौटाए जाने पर कई लोगों ने कहा कि उन्होंने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के कारण उनका मोबाइल वापस मिल सका।
मोबाइल प्राप्त करने वालों में गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमथू गांव निवासी अमित कुमार, थरथरी निवासी सोनू कुमार, इस्लामपुर काजीचक निवासी सुजीत कुमार, मिल्की पर गांव निवासी श्रवण कुमार, खुदागंज बौरीसराय निवासी धर्मेंद्र कुमार तथा एकंगरसराय के औंगारी निवासी रंजू देवी समेत कुल 37 लोग शामिल रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस संबंध में डीएसपी हिलसा-2 कुमार ऋषि राज ने बताया कि जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में गुम या चोरी हुए मोबाइलों से संबंधित सनहा एवं प्राथमिकी दर्ज की जाती है। इसके बाद “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत तकनीकी सहायता एवं सीआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों की खोजबीन की जाती है। अभियान के दौरान अधिकतर मोबाइल बरामद करने में सफलता मिल रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने सीआईआर पोर्टल की सहायता से 37 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें विधिवत सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। इस अभियान से आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
इस मौके पर इस्लामपुर थाना अध्यक्ष अनील कुमार पाण्डेय, अपर थाना अध्यक्ष रामपाल, दारोगा काजल कुमारी, पूजा कुमारी एवं अरुण कुमार यादव सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
ऑपरेशन मुस्कान में इस्लामपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 37 गुम मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए
Written by Sanjay Kumar
Published on:







