भीषण गर्मी में बच्चों को लू से बचाव के दिए गए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मंत्र

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हिलसा (अपना नालंदा)। स्थानीय मध्य विद्यालय मई के प्रांगण में बुधवार को लू से बचाव एवं स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर बाल परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाध्यापक कुमार पंकज के संयोजन में एकता फ़ाउंडेशन के सौजन्य से किया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों को भीषण गर्मी में होने वाली बीमारियों, लू के दुष्प्रभाव तथा उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
परिचर्चा में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा गर्मी के मौसम में सावधानी बरतने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी डॉ. आशुतोष कुमार मानव ने बच्चों के बीच ग्लूकोज़ का वितरण किया। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अधिक से अधिक पानी पीना आवश्यक है। बिना आवश्यकता तेज धूप में घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए तथा लंबे समय तक खाली पेट नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से ग्लूकोज़ एवं तरल पदार्थ लेने से लू लगने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
इस अवसर पर एकता फ़ाउंडेशन के अनुज कुमार, एमडीएम प्रभारी सत्येन्द्र प्रसाद, विक्की कुमार, संतोष कुमार पार्थ सहित अन्य लोगों ने भी बच्चों को संतुलित खानपान, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने स्वस्थ रहने एवं दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment