हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत नगर पंचायत में मंगलवार को सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। नगर पंचायत प्रशासन ने बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौरभ सुमन ने बताया कि बैठक का एजेंडा काफी व्यापक है। नगर क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। बैठक में सबसे पहले नगर पंचायत क्षेत्र में लगी स्ट्रीट लाइटों के बिजली बिल भुगतान से संबंधित प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा, ताकि रोशनी व्यवस्था निर्बाध बनी रहे।
इसके अलावा नगर पंचायत में कार्यरत सफाई कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें ड्रेस, साबुन, सफाई उपकरण उपलब्ध कराने, भविष्य निधि (पीएफ) एवं ईएसआईसी जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। इससे सफाई कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा।
आगामी मानसून को देखते हुए जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक स्थानों पर नियमानुसार ह्यूम पाइप लगाने तथा राबिश गिराने के प्रस्ताव पर भी समिति विचार करेगी। साथ ही विभिन्न वार्डों में नालों की सफाई के लिए पोपलेन मशीन से विशेष अभियान चलाने की योजना पर चर्चा होगी, ताकि बरसात के दौरान जलनिकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
बैठक में एक लाख रुपये तक की विकास योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए संवेदकों का पैनल तैयार करने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जा सकता है। इससे छोटे विकास कार्यों को समय पर पूरा करने में सुविधा होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि बैठक मंगलवार को दोपहर 12 बजे नगर पंचायत कार्यालय भवन में आयोजित होगी। इसमें मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, नव निर्वाचित तीनों सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, नगर विकास प्रमंडल के सहायक अभियंता (एई), ऊर्जा विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई), नगर पंचायत के जेई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों का सीधा असर नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की गति, सफाई व्यवस्था, जलनिकासी, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं पर पड़ेगा। ऐसे में इस बैठक को नगर पंचायत के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हरनौत नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति की बैठक मंगलवार को, विकास योजनाओं और जनसुविधाओं पर होगा अहम फैसला
Written by Sanjay Kumar
Published on:







