”
हरिओम कुमार
हरनौत(अपना नालंदा)। हरनौत नगर पंचायत में कार्यरत सफाई कर्मियों की हड़ताल ने पूरे बाजार और आसपास के इलाकों की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया है। शुक्रवार से शुरू हुई हड़ताल के कारण नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार, गली-मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर कचरे का अंबार लग गया है। जगह-जगह फैली गंदगी और उससे उठ रही दुर्गंध ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत में कार्यरत सौ से अधिक सफाईकर्मी अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए थे। सफाईकर्मियों के काम बंद करते ही बाजार की साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सबसे अधिक असर हरनौत के बीच बाजार क्षेत्र में देखने को मिला, जहां दुकानदारों और स्थानीय लोगों को घरों व दुकानों का कचरा सड़क किनारे फेंकने को मजबूर होना पड़ा।
स्थिति ऐसी हो गई कि कई वार्डों में कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए। सड़क किनारे सड़ते कचरे से तेज बदबू फैलने लगी, जिससे लोगों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया। बाजार आने वाले ग्राहकों और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
गर्मी के मौसम और बीच बाजार में फैली गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जगह-जगह जमा कचरे के कारण वातावरण दूषित हो रहा है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने लगी हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है।
दुकानदारों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में सफाई नहीं होने से ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। कचरे के ढेर और दुर्गंध के कारण लोगों को दुकानों के सामने बैठना मुश्किल हो गया है। कई व्यापारियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।
वहीं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौरभ सुमन ने शनिवार को बताया कि सफाईकर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर थे, लेकिन अब वे वापस काम पर लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में शनिवार को सफाई कार्य कराया गया है, जबकि बाकी इलाकों में रविवार तक सफाई पूरी कर ली जाएगी।
ईओ ने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नगर पंचायत जल्द ही पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सामान्य कर देगी ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।







