हरनौत में अनंत सिंह का भव्य स्वागत, अनुज सिंह के समर्थन में निकला काफिला

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार

हरनौत (अपना नालंदा)। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में मोकामा विधायक अनंत सिंह की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ शनिवार को हरनौत पहुंची। सुबह करीब सवा दस बजे बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर थाना मोड़ के समीप स्थानीय समर्थकों ने उनके काफिले का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। समर्थकों ने नारेबाजी कर अनंत सिंह का अभिनंदन किया।

बताया गया कि काफिले में करीब 15 वाहन शामिल थे। उनके हरनौत पहुंचने की सूचना पर रोहित कुमार उर्फ मिलन जी, विपुल कुमार, आलोक कुमार उर्फ बंटी, बिंटु, पिट्टु समेत कई स्थानीय नेता एवं सैकड़ों समर्थक पहले से थाना मोड़ पर मौजूद थे। स्वागत के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।

अनंत सिंह पटना स्थित सरकारी आवास से डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में नवादा के लिए रवाना हुए थे। उनकी करीब 200 किलोमीटर लंबी यात्रा को ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ नाम दिया गया है। यात्रा खुसरुपुर, बख्तियारपुर, हरनौत और बिहारशरीफ होते हुए नवादा पहुंची। काफिले में नवादा निवासी मगही गायक गुंजन सिंह तथा भोजपुर जिले के ‘गोल्डमैन’ प्रेम कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी शामिल रहे।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू ने वर्तमान एमएलसी नीरज कुमार को प्रत्याशी बनाया है, जबकि जन सुराज ने डॉ. अनुज सिंह को मैदान में उतारा है। अनंत सिंह ने डॉ. अनुज सिंह के समर्थन की घोषणा की है।

पटना, नालंदा और नवादा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हैं। मतदान 23 अक्टूबर को निर्धारित है।

Leave a Comment