हरनौत में अब सालभर मिलेगा मुफ्त ठंडा आरओ पानी! लाखों की लागत से खुला स्थायी प्याऊ केंद्र

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत(अपना नालंदा)। भीषण गर्मी के बीच हरनौत नगर पंचायत ने आम लोगों को बड़ी राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित प्रखंड मुख्यालय के पास शनिवार को स्थायी प्याऊ केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस प्याऊ केंद्र के शुरू होने से अब बाजार आने वाले लोगों, राहगीरों, दुकानदारों तथा सरकारी कार्यालयों में काम से पहुंचने वाले नागरिकों को सालभर मुफ्त में शुद्ध और ठंडा आरओ पानी उपलब्ध हो सकेगा।

उद्घाटन के मौके पर उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह समाजसेवी सुरेश सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को सबसे अधिक परेशानी पीने के पानी को लेकर होती है। ऐसे में नगर पंचायत द्वारा स्थायी प्याऊ केंद्र की व्यवस्था किए जाने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी और यहां से गुजरने वाले सभी लोग आसानी से स्वच्छ पेयजल प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत ने लाखों रुपये की लागत से इस योजना को तैयार किया है ताकि हर मौसम में लोगों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल मिल सके। गर्मी के दौरान बाजार में आने वाले ग्रामीणों, दुकानदारों और प्रखंड व अंचल कार्यालय में कार्य कराने पहुंचने वाले लोगों को विशेष रूप से इसका लाभ मिलेगा।

प्याऊ केंद्र में आधुनिक व्यवस्था की गई है। यहां दो नलों से ठंडा आरओ पानी तथा एक नल से सामान्य पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे सिस्टम को व्यवस्थित तरीके से तैयार किया गया है ताकि पानी की आपूर्ति लगातार बनी रहे।

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौरभ सुमन एवं संवेदक आशिष त्रिवेदी ने बताया कि लगभग दस-दस लाख रुपये की लागत से हरनौत में चार स्थानों पर स्थायी प्याऊ केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर आठ फीट लंबा, आठ फीट चौड़ा और दस फीट ऊंचा कमरा बनाया गया है। कमरे के भीतर बोरिंग, बिजली कनेक्शन तथा पानी शुद्ध करने के लिए आधुनिक मशीनें लगाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि प्याऊ केंद्र में 500 लीटर क्षमता की ठंडा पानी रखने वाली टंकी लगाई गई है, जबकि कमरे के ऊपर 1000 लीटर क्षमता की बड़ी टंकी स्थापित की गई है। बिजली रहने पर मशीन के माध्यम से टंकी स्वतः भरती रहेगी, जिससे पानी की कमी नहीं होगी।

ईओ सौरभ सुमन ने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल आम लोगों के उपयोग के लिए है। किसी भी दुकानदार को व्यवसायिक उपयोग के लिए पानी संग्रह करने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई दुकानदार डिब्बा या अन्य बड़े बर्तनों में पानी भरते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा।

नगर पंचायत द्वारा जिन अन्य स्थानों पर स्थायी प्याऊ केंद्र बनाए गए हैं उनमें रांची रोड स्थित चर्च के पास, बस्ती स्थित काली स्थान के पास तथा चंडी रोड मोड़ शामिल हैं। इसके अलावा तीन अन्य स्थानों पर अस्थायी प्याऊ की भी व्यवस्था पहले से की गई है। इनमें रांची रोड थाना मोड़, गोनावां मोड़ तथा रेलवे स्टेशन के पास शामिल हैं।

नगर पंचायत ने अस्थायी प्याऊ केंद्रों में लगे मिट्टी के घड़ों में नियमित पानी भरने के लिए विशेष टीम भी तैनात की है ताकि लोगों को लगातार ठंडा पानी मिलता रहे।

इस अवसर पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह, पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार, पार्षद सुनील कुमार, लिपिक दिनेश, छोटू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment