बदलापुर/जौनपुर(अपना नालंदा)। भोजपुरी अभिनेत्री संजना पांडेय अपनी आगामी फिल्म ‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग के दौरान एक हादसे में बाल-बाल बच गईं। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के बदलापुर, जौनपुर में चल रही है। घटना के दौरान शूटिंग सेट पर आग का इस्तेमाल कर एक दृश्य फिल्माया जा रहा था।
बताया गया कि सीन के तहत संजना पांडेय को आग के बीच खड़ा होना था। शूटिंग के दौरान अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे आग बेकाबू होकर अभिनेत्री की ओर फैल गई। कुछ ही पलों में आग उनके कपड़ों तक पहुंच गई। घटना से सेट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को देखते हुए शूटिंग यूनिट के क्रू सदस्यों ने तत्काल मोर्चा संभाला और पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद अभिनेत्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद संजना पांडेय ने राहत की सांस ली और बताया कि वह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म में कई चुनौतीपूर्ण दृश्यों को पूरी सावधानी और मेहनत के साथ फिल्माया जा रहा है।
‘भूतनी का बदला’ को लेकर अभिनेत्री ने कहा कि फिल्म में मनोरंजन के साथ रोमांच और रहस्य का भी तड़का देखने को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को फिल्म की कहानी, प्रस्तुति और कलाकारों का काम पसंद आएगा।







