खरीफ महोत्सव में किसानों को मिला आधुनिक खेती का मंत्र, विधायक प्रेम मुखिया ने गिनाईं सरकार की योजनाएं

Written by Sanjay Kumar

Published on:

थरथरी (अपना नालंदा)।थरथरी प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन में बुधवार को कृषि विभाग द्वारा प्रखंड स्तरीय खरीफ महोत्सव सह “खेत बचाओ अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) शिक्षा कुमारी, कृषि वैज्ञानिक डॉ. नियान कुमारी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि खरीफ मौसम के लिए किसानों को अनुदानित दर पर उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन में वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से खेत बचाओ अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए मृदा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग मिट्टी की उर्वरता को नुकसान पहुंचा रहा है। इसलिए किसानों को संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, जैविक खाद तथा प्राकृतिक एवं सतत कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेती को भविष्य के लिए सुरक्षित बनाने के लिए वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीकों का प्रयोग आवश्यक है।
नूरसराय हॉर्टिकल्चर कॉलेज से आईं कृषि वैज्ञानिक डॉ. नियान कुमारी ने किसानों को आधुनिक खेती के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मिट्टी जांच के महत्व, जैविक खेती को बढ़ावा देने, जलवायु परिवर्तन के अनुरूप खेती की तकनीकों तथा फार्मर रजिस्ट्री के लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर उत्पादन बढ़ता है और लागत में कमी आती है, जिससे किसानों की आमदनी में वृद्धि होती है।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिक्षा कुमारी ने किसानों को बीज वितरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि किसान अपनी रजिस्टर्ड आईडी से ऑनलाइन आवेदन करने के बाद प्राप्त ओटीपी के साथ किसान भवन पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें और अनुदानित बीज प्राप्त करें। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार ने किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाते हुए प्रदूषण नियंत्रण, जैविक खाद के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में किसान हाथों में विभिन्न स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। “खेत का कचरा जानवर खाए, जानवर का कचरा खेत में जाए, विशुद्ध किसान की यही पहचान” जैसे नारों के माध्यम से जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष राजीव कुमार, पूर्व मुखिया युगेश्वर कुमार, पूर्व जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, शैलेन्द्र दुबे, कृषि समन्वयक राकेश कुमार, एटीएम अरुण पाठक, किसान सलाहकार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, तकनीकी जानकारियों एवं खरीफ मौसम की तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

Leave a Comment