संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 47 में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना एवं सांसद निधि से निर्मित दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन रविवार को क्षेत्रीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार तथा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के अंतर्गत लगभग 69 लाख रुपये की लागत से साठोपुर पासवान टोला से वियावानी पुल तक नदी किनारे नवनिर्मित ईंट सोलिंग एवं पीसीसी ढलाई कार्य कराया गया है। वहीं सांसद निधि से पांच लाख रुपये की लागत से विलास महतो के घर से राजू साव के घर तक पीसीसी ढलाई सड़क का निर्माण कराया गया है। उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में समुचित विकास की प्रक्रिया निरंतर जारी है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के शीर्ष पांच विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करना है। सात निश्चय-3 कार्यक्रम के माध्यम से विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ा जा रहा है, जबकि उद्योग, कृषि और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।
मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमं

नीतीश कुमार के विजन और मार्गदर्शन ने बिहार को नई दिशा और पहचान दी है। आज राज्य के गांव-गांव तक सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने 1990 का दशक देखा है, वे जानते हैं कि उस समय इन सुविधाओं का कितना अभाव था, लेकिन आज बिहार विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है। पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिले हैं और समाज में उनका सम्मान भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विकासोन्मुख नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में जदयू के जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, प्रखंड अध्यक्ष संजय कुशवाहा, दिवाकर प्रसाद, धनंजय मुखिया, युगल किशोर, प्रमोद यादव, वार्ड पार्षद सविता देवी, धनपत पासवान, दिग्विजय नारायण सिंह उर्फ तन्नू सिंह, बिट्टू कुशवाहा, रामजन्म रविदास, विश्वास सिंह, भाजपा नेता कृति कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, राजू साव, नीतीश पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







