अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। शनिवार को लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन बिंद प्रखंड स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा प्रखंड अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने की, जबकि आयोजन जिला सचिव श्रवण कुमार एवं जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक का पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि पार्टी लगातार चार वर्षों से आम जनता के हक की आवाज उठाती रही है, जिसका असर यह हुआ कि सरकार ने घबराकर वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि फरवरी 2024 में एकंगरसराय में आयोजित सम्मेलन में पार्टी ने घोषणा की थी कि उनकी सरकार बनने पर वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन ₹5000 प्रतिमाह दी जाएगी। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, और पलायन की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बिहार के गरीब और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के लिए दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों में पलायन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अति पिछड़े, शोषित, वंचित और अल्पसंख्यक समाज के लोग आज भी हाशिये पर हैं। उनकी पार्टी इन्हीं वंचित वर्गों की लड़ाई लड़ रही है और इसे ही प्राथमिकता दे रही है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल ने कहा कि ‘अति पिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ’ यात्रा के माध्यम से पार्टी राज्य के कोने-कोने तक अपनी बात पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि अति पिछड़ों की आबादी 36 प्रतिशत होते हुए भी उन्हें हक से वंचित रखा गया है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार सिर्फ अपने वर्गों के लोगों को ही लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि आज सरकारी अस्पताल, विद्यालय, प्रशासनिक पद, डॉक्टर, इंजीनियर, यहां तक कि चपरासी और आशा कर्मी भी सरकार के करीबी लोगों से भरे पड़े हैं, जबकि अति पिछड़ा, दलित और महादलित समाज के लोग पूरी तरह से वंचित हैं।
विरमणी मंडल ने कहा कि 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में अति पिछड़ा, दलित, महादलित, शोषित और अल्पसंख्यक समाज जागरूक हो चुका है। अब इन्हें सिर्फ 5 किलो अनाज देकर बहलाया नहीं जा सकता। जितनी जनसंख्या है, उतनी ही भागीदारी होनी चाहिए।
सम्मेलन में सोनू कुमार (जिला उपाध्यक्ष, नालंदा पूर्वी), अर्पण ठाकुर (अति पिछड़ा प्रकोष्ठ, प्रखंड अध्यक्ष बिंद), रामाशीष राम (अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, प्रखंड अध्यक्ष बिंद), अनिल कुमार, श्याम मिस्त्री (प्रखंड उपाध्यक्ष बिंद), मानिकचंद साव (प्रखंड सचिव बिंद), इंद्रदेव प्रसाद (प्रखंड महासचिव बिंद), रामनरेश प्रसाद (पंचायत अध्यक्ष, लोदीपुर), संटू कुमार (पंचायत अध्यक्ष, जमसारी), बेचन बिहार (पंचायत अध्यक्ष, जहाना) को पार्टी में पदभार सौंपा गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। सभी ने कहा कि लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी में सही मायनों में वंचित वर्गों को सम्मान और प्रतिनिधित्व मिल रहा है।
कार्यक्रम में कौशलेंद्र प्रसाद उर्फ मन्नू जी, प्रभात कुमार, अमोद कुमार (प्रदेश मीडिया प्रभारी) समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पार्टी को मजबूत करने और गरीबों के हक की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।