संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। गांधी जयंती एवं वन्यजीव सप्ताह 2026 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वन्यजीवों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजगीर जू सफारी की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन सुबह 6:30 बजे से 10 बजे तक किया गया।
अभियान की शुरुआत राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुंदर एम ने पार्किंग संख्या-05 से की। इसमें करीब 60 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पार्किंग संख्या-05 से रत्नागिरि पहाड़ी के निचले हिस्से से लेकर ऊपरी क्षेत्र तक सफाई अभियान चलाया। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित जैन मंदिर के आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ एवं कचरा मुक्त किया गया।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रत्नागिरि पहाड़ी के ऊपरी क्षेत्र में सीड बॉल का छिड़काव भी किया गया। अभियान के दौरान कुल 125 किलोग्राम कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। प्रतिभागियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता और जैव-विविधता संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के समापन पर निदेशक ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजगीर की प्राकृतिक संपदा और जैव-विविधता का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यटकों से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और प्लास्टिक मुक्त राजगीर बनाने में सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक अजय कुमार, वनों के क्षेत्र पदाधिकारी शिवम सिन्हा एवं सूरज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








