रंजीत कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। पावापुरी स्थित तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर (TMVM) में आयोजित 5वीं जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में जिलेभर के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर खेल प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता में TMVM, सेंट टेरेसा और UMA विद्यालय के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने रोमांचक प्रदर्शन किया, जबकि कुल 41 स्वर्ण पदकों का वितरण किया गया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन अब राज्य स्तरीय वूशु प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो आगामी 5 से 7 जून तक भागलपुर में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन नालंदा जिला वूशु संघ के अध्यक्ष डॉ. पूर्णेंदु भूषण, TMVM के प्राचार्य कौशल किशोर तथा जिला सचिव शत्रुघ्न कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और जिला स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं ही भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करती हैं।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 10 विद्यालयों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, फुर्ती और आत्मविश्वास से दर्शकों को प्रभावित किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखने लायक था।
सब-जूनियर वर्ग में सूर्यवंश रंजन, विराट कुमार, प्रेम राज, रोहन कुमार और आयुष राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं बालिका वर्ग में गरिमा प्रकाश, हर्षिता राज, अनिका और स्वीटी कुमारी ने गोल्ड मेडल जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
जूनियर वर्ग में आदिदेव पी.ए., आदित्य प्रताप सिंह और रवि रंजन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग में राहुल कुमार, सत्यम वत्स और सुयम मनोहर ने शानदार मुकाबले जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूरे टूर्नामेंट में कुल 41 गोल्ड मेडल वितरित किए गए।
मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है और सही मार्गदर्शन तथा अवसर मिलने पर वे राज्य और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी पदाधिकारी सन्नी कुमार, ओमपाल कुमार, धर्मवीर पासवान, हर्ष रॉय, सत्यम कुमार, रोहित राज, आकाश कुमार, फैयाज और गौरव कुमार समेत विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पावापुरी में आयोजित इस जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि नालंदा की खेल प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जलवा, 41 स्वर्ण पदक वितरित
Written by Sanjay Kumar
Published on:







