संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिला अधिवक्ता संघ, बिहारशरीफ में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन महासचिव दिनेश कुमार द्वारा किया गया। आगत अतिथियों का स्वागत अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ एवं सम्मानित अधिवक्ताओं द्वारा माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
नवनिर्मित अधिवक्ता हॉल का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान संघ परिसर में सांसद कौशलेंद्र कुमार की अनुशंसा से अधिवक्ताओं के बैठने के लिए बनाए गए नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन मंत्री श्रवण कुमार एवं सांसद कौशलेंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
अधिवक्ताओं ने इस पहल को काफी सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे संघ के सदस्यों को बेहतर सुविधा मिलेगी और न्यायिक कार्यों के संचालन में सहूलियत होगी।
अधिवक्ता समाज के प्रहरी हैं : श्रवण कुमार
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अधिवक्ता समाज के प्रहरी और लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ होते हैं। उन्होंने कहा कि एक वकील केवल अपने मुवक्किल के लिए नहीं लड़ता, बल्कि न्याय, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता है।
उन्होंने कहा कि समाज में कानून का शासन बनाए रखने और आम लोगों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। अधिवक्ता समाज हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य करता रहा है।
न्यायपालिका के विकास में सरकार की पहल
मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न्यायपालिका से जुड़े लोगों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। आज राज्य के न्यायालयों में भवनों की कमी नहीं है और लगातार न्यायिक आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार और बार एसोसिएशन को मिलकर आम लोगों तक सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय पहुंचाने के लिए कार्य करना चाहिए।
नए वकीलों और बार एसोसिएशन के लिए कई योजनाएं
मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि राज्य सरकार अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2024 से नामांकित नए अधिवक्ताओं को तीन वर्षों तक प्रतिमाह ₹5000 स्टाइपेंड दिया जाएगा।
इसके अलावा बार एसोसिएशनों में ई-लाइब्रेरी की स्थापना के लिए ₹5 लाख की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। बिहार अधिवक्ता कल्याण न्यास समिति को भी ₹30 करोड़ की आर्थिक सहायता दी गई है।
उन्होंने बताया कि महिला अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए बार एसोसिएशनों में “पिंक टॉयलेट” का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं कम आय वाले अधिवक्ताओं को गंभीर बीमारी की स्थिति में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से सहायता प्रदान करने की व्यवस्था भी की गई है।
समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं अधिवक्ता : सांसद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में अधिवक्ता समाज के सबसे शिक्षित और बुद्धिजीवी वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे समाज को विभिन्न कुरीतियों और अन्याय से बचाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि नालंदा जिला अधिवक्ता संघ से उनका वर्षों पुराना आत्मीय और पारिवारिक संबंध रहा है। यहां के सभी अधिवक्ता उन्हें अपने परिवार के सदस्य जैसे लगते हैं।
अधिवक्ता संघ ने जताया आभार
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह एवं महासचिव दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार का स्नेह और सहयोग अधिवक्ता संघ को हमेशा मिलता रहा है। जब भी अधिवक्ताओं के सामने कोई समस्या आती है, दोनों जनप्रतिनिधि उसके समाधान के लिए तत्पर रहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह नालंदा जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां से श्रवण कुमार जैसे जनसेवी मंत्री और कौशलेंद्र कुमार जैसे सरल स्वभाव के सांसद जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
बड़ी संख्या में अधिवक्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, अजय कृष्णा, शंभू कुमार कश्यप, जदयू विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष मधुमिता कुमारी, लोक अभियोजक अनुज कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता रामाशंकर प्रसाद, सन्नी कुमार, आदर्श अमित कुमार, रामसागर प्रसाद, मिथिलेश प्रसाद, शैलेंद्र कुमार, मुन्ना निकेश कुमार, संयुक्त सचिव जय वर्मा, निभा कुमारी, तेजस्विता राधा, गोकर्ण प्रसाद, संजीव कुमार सहित सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे।







