चीनी की बढ़ती कीमतों पर प्रशासन सख्त, जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद(अपना नालंदा)। चीनी की कीमतों में हाल के दिनों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। आम उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध कराने तथा बाजार में कृत्रिम कमी रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह ने जिले के सभी चीनी थोक विक्रेताओं के साथ बैठक कर बाजार की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में चीनी की उपलब्धता, थोक एवं खुदरा बाजार में कीमत, भंडारण की स्थिति और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने थोक विक्रेताओं से उनके पास उपलब्ध स्टॉक तथा बाजार की मांग के अनुरूप आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीनी की निर्बाध एवं पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थोक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि वे नियमानुसार अपने स्टॉक का संधारण करें और उपलब्ध चीनी की नियमित बिक्री सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में जमाखोरी, अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी कर कृत्रिम कमी पैदा करने का प्रयास नहीं किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दौरान यदि किसी विक्रेता के यहां निर्धारित सीमा से अधिक अवैध भंडारण, जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम अभाव पैदा करने के साक्ष्य मिलते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि बाजार में चीनी की आपूर्ति और कीमतों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक एवं आपूर्ति विभाग के पदाधिकारियों को बाजार की स्थिति पर नजर रखने तथा अनियमितता मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में जरूरत से अधिक चीनी की खरीदारी न करें। आवश्यकता से अधिक खरीदारी करने से बाजार में कृत्रिम मांग और दबाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि यदि किसी दुकानदार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने, जमाखोरी या कालाबाजारी की जानकारी मिलती है तो इसकी शिकायत जिला प्रशासन अथवा संबंधित आपूर्ति पदाधिकारी से करें। प्राप्त शिकायतों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment