पटना शिक्षक-स्नातक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने राजनीतिक दलों संग की अहम बैठक

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने की।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 26 सितंबर 2026 को प्रपत्र-6 के साथ दिए जाने वाले घोषणा पत्र (एनेक्चर-डी) के संबंध में जारी प्रेस नोट सहित निर्वाचन की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नालंदा जिले में कुल 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 24 मूल मतदान केंद्र तथा 13 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्र प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में स्थित हैं।

उन्होंने बताया कि पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। बैठक में अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों से आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत बहुजन समाज पार्टी, माकपा, कांग्रेस, जदयू, लोजपा (रामविलास), राजद, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी एवं भाकपा माले के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment