एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सांसद को सौंपा ज्ञापन, डिग्री कॉलेज की समस्याओं के समाधान की मांग

Written by Sanjay Kumar

Published on:

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) डिग्री कॉलेज इकाई के कार्यकर्ताओं ने राजकीय डिग्री महाविद्यालय, राजगीर की विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद महोदय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महाविद्यालय की चहारदीवारी निर्माण, मुख्य गेट एवं खेल मैदान में मिट्टी भराई कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई।
विद्यार्थी सह एबीवीपी डिग्री कॉलेज अध्यक्ष कुणाल राज ने बताया कि बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड, पटना द्वारा वर्ष 2022 में इन कार्यों की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि अधूरे कार्यों के कारण छात्रों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय में नए क्लास रूम एवं ऑडिटोरियम निर्माण की मांग भी उठाई गई, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस दौरान सांसद महोदय ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग से बात कर जल्द ही इन कार्यों को पूरा कराया जाएगा।
मौके पर शुभम सौरभ, साहिल मेहता, प्रतीक राज, कुणाल राज, अभिषेक कुमार, आकाशदीप, मनीष आनंद सहित अन्य छात्र एवं एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment