संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की एम.ए. की दो मेधावी छात्राओं आकांक्षा एवं ईशा भारती का चयन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता के रीजनल (क्षेत्रीय) राउंड के लिए हुआ है। इस सफलता ने न केवल कॉलेज का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे नालंदा जिले को भी गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चयन की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल बन गया। प्राचार्या, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सुनीता सिन्हा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह नालंदा कॉलेज के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि कॉलेज की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत के बल पर यह साबित कर दिया है कि उचित मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कॉलेज प्रशासन रीजनल और संभावित नेशनल राउंड की तैयारी के लिए हरसंभव शैक्षणिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा।
इस सफलता के पीछे अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सर्वदमन कश्यप का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन में छात्राओं ने वित्तीय बाजार, निवेश, पूंजी बाजार तथा अर्थशास्त्र से जुड़े विभिन्न विषयों का गहन अध्ययन किया और प्रतियोगिता के लिए प्रभावी तैयारी की।
डॉ. सर्वदमन कश्यप ने कहा कि NISM द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता वित्तीय साक्षरता, निवेश जागरूकता और आर्थिक समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। इसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर नालंदा कॉलेज की छात्राओं का रीजनल राउंड के लिए चयन इस बात का प्रमाण है कि कॉलेज के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने में सक्षम हैं।
कॉलेज के सभी शिक्षकों ने आकांक्षा और ईशा भारती की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें रीजनल राउंड के लिए शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि दोनों छात्राएं आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज, जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेंगी।
इस उपलब्धि ने नालंदा कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण को नई ऊर्जा प्रदान की है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है। कॉलेज परिवार को उम्मीद है कि दोनों छात्राएं आने वाले चरणों में भी सफलता का नया इतिहास रचेंगी।
राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता के रीजनल राउंड में नालंदा कॉलेज की आकांक्षा और ईशा भारती का चयन, बढ़ाया जिले का मान
Written by Sanjay Kumar
Published on:







