घर के बाहर खड़े युवक को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत; तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर डिहरीगढ़ गांव के पास हुआ, जहां घर के बाहर खड़े युवक को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान डिहरीगढ़ गांव निवासी प्रमोद महतो के 35 वर्षीय पुत्र नितिश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नितिश कुमार अपने घर के बगल में खड़े थे। इसी दौरान बख्तियारपुर की ओर से हरनौत आ रहा तेज रफ्तार ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित हो गया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नितिश कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कल्याणबीघा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
नितिश कुमार दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अब पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोगों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
इधर, हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। ई-रिक्शा चालक को मौके से पकड़ लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment