सेवा, नेतृत्व और समर्पण का संदेश: इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ के 43वें इंस्टॉलेशन समारोह में शोभा रानी ने संभाली अध्यक्ष पद की कमान

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ का 43वाँ इंस्टॉलेशन समारोह शनिवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नए सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पीडीसी वीना सुचांति उपस्थित रहीं, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ा दी। विभिन्न सामाजिक संगठनों, रोटरी क्लब के पदाधिकारियों तथा शहर के गणमान्य लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष रश्मि रानी ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग देने वाले क्लब के सदस्यों को सम्मानित कर की। उन्होंने बीते सत्र में क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सेवा कार्यों, सामाजिक अभियानों और सदस्यों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद क्लब की सचिव कुमारी रश्मि एवं कोषाध्यक्ष सुनीता सिन्हा ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक गतिविधियों, सेवा परियोजनाओं तथा आय-व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिवेदन में वर्षभर चलाए गए महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
समारोह का मुख्य आकर्षण पदभार ग्रहण समारोह रहा। निवर्तमान अध्यक्ष रश्मि रानी ने वर्ष 2026-27 के लिए शोभा रानी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही शोभा रानी ने औपचारिक रूप से क्लब की कमान संभाल ली।


अपने प्रथम संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष शोभा रानी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की अंतरराष्ट्रीय थीम “Grow and Flourish” को आधार बनाकर क्लब महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई नए कार्यक्रम संचालित करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए उपाध्यक्ष के रूप में सजना जोसेफ, सचिव उषा प्रियंवदा, कोषाध्यक्ष रचना दिनेश, आईएसओ पूनम कुमारी तथा एडिटर सुनीता सिन्हा का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम मिलकर क्लब की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाजहित में बेहतर कार्य करेगी।


समारोह के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि वीना सुचांति, पूर्व अध्यक्षों (पीपी) एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में क्लब की अब तक की उपलब्धियों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं और सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डीजीएन रोटेरियन डॉ. अजय कुमार, एजी जोन-10 रोटेरियन जोसेफ टीटी, रोटरी क्लब के अध्यक्ष, सचिव सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शोभा रानी एवं उनकी पूरी टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास जताया कि क्लब आने वाले दिनों में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में सभी अतिथियों एवं क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा समाज सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Comment