वट सावित्री पूजा में ‘महिला चोर गैंग’ का आतंक, मंदिरों में मची चीख-पुकार; चेन, मंगलसूत्र और मोबाइल लेकर फरार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

राजेश कुमार गौतम
नालंदा (अपना नालंदा)। वट सावित्री पूजा के अवसर पर जहां एक ओर महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की, वहीं दूसरी ओर शातिर चोर गिरोह ने इस धार्मिक आयोजन को निशाना बनाकर कई महिलाओं की खुशियां छीन लीं। बिहारशरीफ के अलग-अलग मंदिरों में भारी भीड़ का फायदा उठाकर महिला चोरों ने सोने की चेन, मंगलसूत्र और मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से मंदिर परिसरों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सबसे बड़ी घटना बिहार थाना क्षेत्र के मोगलकुआं डाक बंगला मोड़ स्थित मंदिर परिसर में हुई। वट सावित्री पूजा को लेकर सुबह से ही मंदिर में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। पूजा सामग्री लेकर महिलाएं बरगद के पेड़ की परिक्रमा और पूजा-अर्चना में व्यस्त थीं। इसी दौरान भीड़ में सक्रिय महिला चोर गिरोह ने मौका पाकर तीन महिलाओं को अपना शिकार बना लिया। किसी के गले से सोने की चेन गायब हो गई तो किसी का मंगलसूत्र चोरी हो गया। वहीं एक महिला का मोबाइल भी भीड़ के बीच से गायब कर दिया गया।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि पूजा के दौरान कुछ महिलाएं जानबूझकर धक्का-मुक्की कर रही थीं। उस समय किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन पूजा समाप्त होने के बाद जब महिलाओं ने अपने गले और सामान की जांच की तो चोरी की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। महिलाएं रोने-बिलखने लगीं और आसपास मौजूद लोगों ने चोरों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिल पाया।
इसी तरह की एक और घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के देवी सराय चौक स्थित मंदिर में सामने आई। यहां भी वट सावित्री पूजा करने पहुंची एक महिला के गले से अज्ञात चोर ने सोने का मंगलसूत्र उड़ा लिया। महिला को चोरी की भनक तब लगी जब पूजा समाप्त होने के बाद उसने अपने गले में मंगलसूत्र नहीं देखा। इसके बाद मंदिर परिसर में शोर-शराबा शुरू हो गया, लेकिन तब तक चोर मौके से फरार हो चुके थे।
लगातार हो रही इन घटनाओं से महिलाओं में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्व-त्योहार के दौरान मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख पूजा स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि ऐसे गिरोहों पर लगाम लगाई जा सके।

Leave a Comment