हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत प्रखंड के दैली गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में अवस्थित महादेव मंदिर में गुरुवार से 24 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के शुभारंभ के साथ ही पूरे गांव में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण कायम हो गया।
अखंड कीर्तन में दैली गांव के अलावा आसपास के कई गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कीर्तन मंडली द्वारा “हरे राम, हरे राम, राम-राम हरे-हरे” एवं “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे” के संकीर्तन से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूब गया है। मंदिर परिसर में लगातार हो रहे भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया है।
धार्मिक आयोजन में गांव के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं, पुरुष तथा बच्चे पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। श्रद्धालु बारी-बारी से कीर्तन में शामिल होकर भगवान का स्मरण कर रहे हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं दैली गांव निवासी स्वर्गीय रामलखन सिंह के पुत्र डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि गांव की सुख-समृद्धि, शांति और लोगों के कल्याण की कामना को लेकर 24 घंटे का अखंड कीर्तन आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
अखंड कीर्तन को सफल बनाने में ग्रामीण रविकांत कुमार शर्मा, नरेंद्र प्रसाद, जोगिंद्र प्रसाद, मुकेश कुमार, धनश्याम कुमार सहित कई लोग सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों की भागीदारी से पूरा आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हो रहा है।
दैली गांव में 24 घंटे का अखंड कीर्तन आरंभ, भक्तिमय हुआ वातावरण
Written by Sanjay Kumar
Published on:







