राजगीर महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ, मंत्रियों व प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में स्मारिका का विमोचन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।
राजगीर में आयोजित राजगीर महोत्सव 2025 का भव्य उद्घाटन समारोह जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पर्यटन विभाग द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विधिवत विमोचन भी किया गया।

उद्घाटन समारोह में ग्रामीण विकास एवं परिवहन विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, नगर परिषद राजगीर की मुख्य पार्षद जीरो देवी, इस्लामपुर के पूर्व विधायक चंद्रसेन प्रसाद, बिहार विधान परिषद की सदस्य रीना यादव, इस्लामपुर विधायक रोहेल रंजन, विधायक कौशल किशोर, विधायक डॉ. जितेन्द्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया तथा पूर्व विधान पार्षद राजू यादव की विशेष उपस्थिति रही।

इसके अतिरिक्त पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा, जिलाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, नगर आयुक्त बिहारशरीफ दीपक कुमार मिश्रा, उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारीगण भी समारोह में मौजूद रहे।

उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राजगीर अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के लिए विश्वविख्यात है। ऐसे महोत्सव न केवल स्थानीय कला-संस्कृति को संरक्षण और प्रोत्साहन प्रदान करते हैं, बल्कि बिहार के पर्यटन विकास को भी नई दिशा देते हैं।

पर्यटन विभाग द्वारा विमोचित स्मारिका में बिहार एवं राजगीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, आधुनिक सुविधाओं, चल रही विकास योजनाओं एवं भावी पर्यटन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राज्य की समृद्ध विरासत को समझने में सहायता मिलेगी।

राजगीर महोत्सव 2025 के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक नृत्य-संगीत, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजन मेला एवं अन्य आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिल रहा है।

Leave a Comment