सुजीत कुमार
पटना (अपना नालंदा)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन का गुरुवार को नई दिल्ली में लोकसभा में भाजपा के चीफ व्हिप डॉ. संजय जायसवाल के आवास पर बिहार के एनडीए सांसदों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसदों ने श्री नवीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस स्वागत कार्यक्रम में बिहार एनडीए के सभी घटक दलों के प्रमुख नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक तथा केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्री उपेंद्र कुशवाहा, जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्री संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री एवं जदयू सांसद श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तथा केंद्रीय मंत्री एवं जदयू सांसद श्री रामनाथ ठाकुर ने भी श्री नितिन नवीन का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इसके अलावा लोकसभा में भाजपा के चीफ व्हिप एवं सांसद डॉ. संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गिरिराज सिंह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी श्री नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा एनडीए गठबंधन को नई ऊर्जा मिलेगी।







