संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। नालंदा की पावन धरती राजगीर एक बार फिर ऐतिहासिक राजनीतिक पल का साक्षी बनने जा रही है। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर आगामी 2 सितंबर को राजगीर स्थित आरङी उच्च विद्यालय मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस आयोजन को पार्टी ने ‘बिहार बदलाव संवाद सभा’ का नाम दिया है।
सभा की तैयारी को लेकर जन सुराज पार्टी के राजगीर अनुमंडलीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुनील कुमार ने की। इसमें आयोजन को ऐतिहासिक बनाने और बड़ी संख्या में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तार से रणनीति बनाई गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभा में लगभग 50,000 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड और पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।
इस अवसर पर नालंदा जिला विधानसभा प्रभारी उपेंद्र कुमार विभूति, जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार, राजगीर विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी सत्येंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जन सुराज पार्टी नेताओं का कहना है कि यह सभा न केवल नालंदा, बल्कि पूरे बिहार में बदलाव की नई दिशा देने का काम करेगी।