बिहारशरीफ नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न, ट्रैफिक सुधार और पेयजल संकट दूर करने पर रहा जोर

Written by Subhash Rajak

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। बिहारशरीफ नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक आज मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर अनीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपमहापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यगण, उप नगर आयुक्त सम्स रजा, नगर प्रबंधक साकेश कुमार सिन्हा, सभी सहायक लोक अपशिष्ट स्वच्छता पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधार की पहल

बैठक में शहर की जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर गहन चर्चा की गई। विशेष रूप से प्राइवेट विद्यालयों के वाहनों के परिचालन का समय अंतराल निर्धारित करने पर सहमति बनी। इस संदर्भ में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (यातायात) के साथ शीघ्र बैठक करने का निर्णय लिया गया।

संविदा कर्मियों का विवरण संकलित करने का निर्णय

नगर निगम में कार्यरत संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मियों का विस्तृत विवरणी संकलित करने का भी निर्णय लिया गया। सभी कर्मियों का व्यक्तिगत सेवा इतिहास तैयार किया जाएगा, जिससे कार्मिक प्रबंधन में पारदर्शिता आ सके।

पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में कदम

नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान पर भी गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। महापौर ने जानकारी दी कि वर्षों से बंद पड़े 13 उच्च प्रवाही नलकूपों को चालू करने के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही इन नलकूपों को पुनः चालू कर दिया जाएगा, जिससे शहरवासियों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलेगी।

मोहर्रम पर्व को लेकर विशेष सफाई अभियान

आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर नगर निगम क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आवश्यकता अनुसार चुना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का भी आदेश सफाई शाखा के अधिकारियों और कर्मियों को दिया गया।

बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन से शहर की यातायात व्यवस्था, सफाई व्यवस्था एवं पेयजल समस्या में सुधार की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Comment