अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।जन सुराज पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर शांतनु मंगलवार को दोपहर 12 बजे बिहारशरीफ के बड़ी पहाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया। कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रो. शांतनु ने कहा कि “जन सुराज पार्टी आम जनता की पार्टी है, यहां कार्यकर्ता ही सर्वोपरि हैं। जबकि जदयू जैसी पारंपरिक पार्टियों में कार्यकर्ताओं की कोई अहमियत नहीं रह गई है। कार्यकर्ता जीवन भर झंडा ढोते रहते हैं, लेकिन टिकट और पद परिवारवाद की राजनीति में बंट जाते हैं। हम इस व्यवस्था को बदलने के लिए ही जन सुराज के मंच पर कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य एक वैकल्पिक राजनीतिक व्यवस्था खड़ा करना है जिसमें मेहनती कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अवसर मिले। “हम कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाकर उन्हें चुनावी राजनीति में अग्रणी भूमिका दिलाना चाहते हैं। यही प्रशांत किशोर जी की सोच है,” उन्होंने कहा।
इस मौके पर जन सुराज पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष पूनम सिन्हा ने कहा कि पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि “हम घर-घर जाकर महिलाओं को जन सुराज के अभियान से जोड़ रहे हैं। महिलाएं अब सिर्फ दर्शक नहीं, बल्कि बदलाव की भागीदार बन रही हैं।” उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना कोई भी राजनीतिक परिवर्तन अधूरा है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष बिंदा प्रसाद ने कहा कि जन सुराज पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। “हमारा लक्ष्य प्रत्येक पंचायत और वार्ड में पार्टी की मजबूत उपस्थिति बनाना है ताकि जनता की आवाज़ सीधा जन सुराज के माध्यम से सरकार तक पहुंच सके,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में जिले के कई कार्यकर्ता, युवा साथी, महिला सदस्य और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।