वंचितों के सम्मान में नुक्कड़ सभा: जन सुराज प्रवक्ता डॉ. अमित पासवान ने सरकार को घेरा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।राजगीर विधानसभा क्षेत्र के पनहेस्सा गांव में सोमवार को जन सुराज पार्टी द्वारा एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं राजगीर विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी डॉ. अमित कुमार पासवान ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।

डॉ. पासवान ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी वंचित समाज बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। गरीब, मजदूर, शोषित और पीड़ित वर्षों से विकास के नाम पर ठगे जा रहे हैं। उनके अनुसार, अफसरशाही और भ्रष्टाचार चरम पर है और अब वक्त आ गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2025 में जनता ऐसी व्यवस्था को उखाड़ फेंके।

उन्होंने आगे कहा कि नालंदा, राजगीर और पावापुरी जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों के बावजूद सरकार यहां मूलभूत सुविधाएं देने में विफल रही है। शाम होते ही विश्व धरोहर नालंदा अंधेरे में डूब जाती है और पर्यटकों के ठहरने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है।

डॉ. पासवान ने यह भी कहा कि हर साल हजारों शिक्षित युवा रोजगार के अभाव में पलायन कर रहे हैं, जबकि सरकार विकास का दावा कर रही है। उन्होंने बिहार में 30 वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने की मांग उठाई।

सभा के अंत में उन्होंने जानकारी दी कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर आगामी 18 मई को बिहारशरीफ के श्रम कल्याण केंद्र मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जो बदलाव की दिशा में एक निर्णायक कदम होगा।

Leave a Comment