राजस्थान और हरियाणा के खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
अपना नालंदा संवाददाता
राजगीर । खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की फेंसिंग प्रतियोगिता की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई। इस प्रतियोगिता में राजस्थान की प्रकृति शर्मा और हरियाणा के सचिन ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महिला सेबर फाइनल में राजस्थान की प्रकृति शर्मा ने कर्नाटक की एस. तन्वी को 15-12 से हराया। सेमीफाइनल में उन्होंने मणिपुर की अंबिका देवी को पराजित किया। अपनी जीत पर प्रकृति ने कहा, “यह जीत मेरे कोच की कड़ी मेहनत और मेरे समर्पण का परिणाम है। यह अनुभव मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा।”
वहीं पुरुष फॉइल वर्ग में हरियाणा के सचिन ने महाराष्ट्र के रोहन शाह को 15-12 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा, “मेरी इस उपलब्धि में मेरे कोच, माता-पिता और विशेष रूप से मेरे पिता का योगदान अहम है। उनके समर्थन से ही यह संभव हुआ।”
फेंसिंग स्पर्धा के परिणाम:
महिला सेबर (फाइनल):
- स्वर्ण: प्रकृति शर्मा (राजस्थान)
- रजत: एस. तन्वी (कर्नाटक)
- कांस्य: अनुकृति सिंह (हरियाणा) और अंबिका देवी (मणिपुर)
पुरुष फॉइल (फाइनल):
- स्वर्ण: सचिन (हरियाणा)
- रजत: रोहन शाह (महाराष्ट्र)
- कांस्य: करण चौधरी (उत्तर प्रदेश)
फाइनल मुकाबलों के उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में अतिथियों— विधायक राजगीर कौशल किशोर, उपाध्यक्ष जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति नालंदा मशरुर अहमद जुबैरी उर्फ मो. अरशद, भारतीय खेल प्राधिकरण के सहायक निदेशक रजनीश मिश्रा और भारतीय तलवारबाजी संघ के उपाध्यक्ष रमाशंकर प्रसाद ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व मैस्कॉट भेंट कर सम्मानित किया।
इस प्रतियोगिता के प्रतियोगिता प्रबंधक की भूमिका गुजरात के भरत जी ठाकुर निभा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की मेजबानी 4 से 15 मई तक बिहार के पांच शहरों एवं दिल्ली में की जा रही है। इस बार कुल 27 खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें पहली बार ई-स्पोर्ट्स को प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया गया है।




