अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर में रविवार को ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के अंतर्गत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं विधान परिषद सदस्य रीना यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कबड्डी मुकाबले राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किए गए। पूल-ए में अंडर-18 महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में पंजाब ने 32 अंक तथा हरियाणा ने 33 अंक अर्जित किए। वहीं पुरुष वर्ग में हरियाणा ने 57 अंक और कर्नाटक ने 31 अंक प्राप्त किए।
पूल-बी में अंडर-18 महिला वर्ग में बिहार और असम दोनों ने 33-33 अंक हासिल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र ने 46 और राजस्थान ने 45 अंक अर्जित किए।
‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ भारत सरकार और राज्य सरकार की संयुक्त पहल है, जिसकी शुरुआत 14 अक्टूबर 2017 को हुई थी। इसका उद्देश्य देश की खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। वर्ष 2025 का यह सातवां संस्करण है, जिसमें कुल 27 खेलों को शामिल किया गया है। विशेष बात यह है कि पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन बिहार में किया जा रहा है।
इस मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, खेल विभाग के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय जन उपस्थित रहे।




