अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। मानपुर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में गुरुवार की संध्या मछली मारने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। झड़प के दौरान गोली चलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद जिराईन नदी में मछली मारने को लेकर हुआ। यह विवाद विरेश कुमार (पुत्र अवध किशोर प्रसाद) और किशोर यादव व उनके पुत्रों के बीच हुआ। मारपीट के दौरान विरेश कुमार के भाई संजीत कुमार को गोली लग गई। उन्हें तत्काल मानपुर थानाध्यक्ष द्वारा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, संजीत कुमार अब खतरे से बाहर हैं।
घटना में एक महिला फुलवा देवी (पति किशोर यादव) को भी पैर में चोट आई है। उन्हें भी पुलिस वाहन से सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थानाध्यक्ष, गिरियक के अंचल पुलिस निरीक्षक और बिहारशरीफ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने गांव व आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया है ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इसके साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। फिलहाल गांव की विधि-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।




