अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। नालंदा के उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर ने गुरुवार को नगरनौसा और चंडी प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगरनौसा प्रखंड के भोभी पंचायत स्थित खेल मैदान का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सभी अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। साथ ही मनरेगा योजना के तहत निर्माणाधीन पार्क को एक महीने के भीतर पूर्ण कराने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, उप विकास आयुक्त ने चंडी प्रखंड के रुखाई पंचायत में खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। यहां भी अधूरे कार्यों को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (PO) को सभी कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की सलाह दी तथा कहा कि योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




