किसानों की फसल क्षतिपूर्ति को लेकर अस्थावां प्रखंड पहुंचे जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष:- त्रिनयन कुमार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।अस्थावां प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को जनता दल (यूनाइटेड) किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रिनयन कुमार ने किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनोद रविदास से भेंट कर विगत 10 अप्रैल को आए आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त फसलों की क्षतिपूर्ति राशि किसानों को शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

त्रिनयन कुमार ने बताया कि कई किसानों ने उनसे शिकायत की थी कि फसल क्षतिपूर्ति के लिए उन्हें विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। घटना को 10 से 15 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसानों को मुआवजा राशि नहीं मिल पाई है। इसी को लेकर वे कुछ किसानों के साथ प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिले और उन्हें किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि "किसान हमारे अन्नदाता हैं। सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी जदयू कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है। मैं इस कर्तव्य का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहा हूं।"

वहीं, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनोद रविदास ने कहा कि विगत दिनों आए आंधी-तूफान से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। इस आपदा में प्रभावित किसानों की क्षति का आकलन कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार के माध्यम से किया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी। विभाग से जैसे ही क्षतिपूर्ति की राशि प्राप्त होगी, उसे पीड़ित किसानों के बीच शीघ्र वितरित किया जाएगा।

Leave a Comment