इस्लामपुर में बाबा साहेब की 134वीं जयंती को लेकर जनसंपर्क अभियान शुरू, संगम उत्सव हॉल में होगा भव्य समारोह

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
इस्लामपुर । अति पिछड़ा, अनुसूचित जाति/जनजाति विकास मंच के तत्वावधान में इस्लामपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती समारोह की तैयारी को लेकर सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 18 अप्रैल 2025 को इस्लामपुर के संगम उत्सव हॉल में बाबा साहेब की भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसे एक रैली के रूप में मनाया जाएगा।

इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु प्रखंड सचिव पप्पू दास के नेतृत्व में जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान बेशवक पंचायत के मोहादिनपुर, शेखली, वेशवक, गांधीनगर गांव तथा नगर परिषद क्षेत्र के खगड़ी, नोनिया टोला और अतासराय मोहल्ले में चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम संयोजक धर्मेन्द्र चौहान ने बताया कि यह समारोह बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम होगा। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा थे, जिनके सिद्धांतों पर चलकर समाज के पिछड़े और वंचित तबकों का उत्थान संभव है।

उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब का नारा— “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो”— आज भी उतना ही प्रासंगिक है। यदि हर व्यक्ति एक बच्चे को शिक्षित करने का संकल्प ले, तो देश सशक्त बनेगा और भारत दुनिया के सबसे खुशहाल राष्ट्रों में शुमार होकर वैश्विक नेतृत्व कर सकेगा।

इस जनसंपर्क अभियान में प्रखंड उपाध्यक्ष नीरज कुमार चंद्रवंशी, संतोष कुमार चंद्रवंशी, रामाश्रय रविदास, धर्मेन्द्र पासवान, जोगिंदर जमादार, बिजेन्द्र बिंद, विष्णु देव पासवान, बालवीर जमादार, किरण बिंद समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Comment