संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर अनीता देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उप महापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, समिति सदस्य शम्स रजा, उप नगर आयुक्त साकेश कुमार सिन्हा, नगर प्रबंधक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए:
- विज्ञापन नियमावली के लागू होने तक बंदोबस्ती का निर्णय:
नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार द्वारा बनाई जा रही नई विज्ञापन नियमावली के प्रभावी होने तक विभागीय अनुमोदन के आधार पर शहरी क्षेत्र में विज्ञापन प्रचार-प्रसार की बंदोबस्ती नगर निगम द्वारा की जाएगी। - अनधिकृत यूनिपोल हटाने का निर्देश:
लोटस एडवरटाइजिंग सिक्यूरिटीज, आशियाना नगर, पटना द्वारा नगर निगम क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से लगाए गए यूनिपोल को हटाने तथा इस पर दंड शुल्क वसूलने का निर्णय लिया गया। - पेयजल सुविधा हेतु प्याऊ लगाने का निर्णय:
गर्मी को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है ताकि आम जनता को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। - पानी टैंकर एवं उपकरणों की खरीद:
जेम पोर्टल के माध्यम से 10 नए पानी टैंकर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए निविदा को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। साथ ही जल्द से जल्द क्रय प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। - बोरिंग योजनाओं का शीघ्र निष्पादन:
वर्तमान में लंबित 58 बोरिंग योजनाओं की निविदा का जल्द निस्तारण कर कार्य प्रारंभ कराने का निर्णय लिया गया ताकि गर्मी के मौसम में आम नागरिकों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
इस बैठक में गर्मी से उत्पन्न चुनौतियों के समाधान पर विशेष ध्यान देते हुए पेयजल आपूर्ति की प्रभावी व्यवस्था पर जोर दिया गया। नगर निगम द्वारा लिए गए ये निर्णय नागरिक हित में अहम माने जा रहे हैं।




