अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सोमवार को बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संबोधन में डॉ. सुनील कुमार ने बाबा साहेब को भारतीय संविधान का शिल्पकार और सामाजिक न्याय का अग्रदूत बताते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान के सच्चे रक्षक हैं और उनके नेतृत्व में संविधान न केवल सुरक्षित है, बल्कि प्रभावी भी है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग कभी अंबेडकर को सम्मान नहीं देते थे, वही आज संविधान की आड़ लेकर भ्रम फैला रहे हैं।
मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज बिहार प्रगति के पथ पर है। उन्होंने अपने “हर रविवार, एक घंटा पर्यावरण के नाम” अभियान की चर्चा करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।




