डीएम-एसपी की सतर्क निगरानी में निकाली गई रामनवमी की भव्य शोभायात्रा

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में रविवार को दो वर्षों के अंतराल के बाद श्री रामनवमी शोभायात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकाली गई। वर्ष 2022 में शोभायात्रा के दौरान हुए सांप्रदायिक दंगे को देखते हुए इस बार जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क था। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी स्वयं शोभायात्रा में शामिल होकर पूरे मार्ग की निगरानी करते रहे।

dm on ram navami julus

शोभायात्रा शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकलकर श्रम कल्याण केंद्र मैदान में एकत्र हुई, जहां से मुख्य यात्रा का आरंभ हुआ। इस यात्रा में बिहार सरकार के पर्यावरण मंत्री एवं बिहारशरीफ के भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार खुली जीप पर सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए सबसे आगे चल रहे थे।

जुलूस के साथ-साथ सुरक्षा के लिए कई स्तर की व्यवस्था की गई थी। 112 नंबर की पुलिस बाइक सायरन बजाते हुए सबसे आगे चल रही थी, उसके पीछे पुलिस अधिकारी पैदल मार्च कर रहे थे। मार्ग में ड्रोन कैमरों की मदद से आकाशीय निगरानी भी की जा रही थी।

शोभायात्रा श्रम कल्याण केंद्र से रांची रोड होते हुए भराव चौराहा, महात्मा गांधी रोड, पोस्ट ऑफिस चौक, आलमगंज, नवाब रोड, सालूगंज होते हुए बाबा मणिराम अखाड़ा पहुंची। वहां विधायक डॉ. सुनील कुमार ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिले एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस बार प्रशासन ने पहले से ही शोभायात्रा के मार्ग और उससे जुड़ी गलियों का निरीक्षण कर लिया था। भराव चौराहा, लहेरी मोहल्ला, लाल बाजार, पुल चौराहा, नवाब रोड और सालूगंज में बैरिकेडिंग कर रास्तों को बंद कर दिया गया था, ताकि कोई शरारती तत्व गड़बड़ी न कर सके। मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात था।

करीब दो घंटे चली शोभायात्रा के दौरान शहर की कई दुकानें बंद रहीं, जबकि कुछ दुकानों को पुलिस द्वारा अस्थायी रूप से बंद कराया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन की इस बार की तैयारी की सराहना की और कहा कि यदि दो वर्ष पूर्व ऐसी ही व्यवस्था होती, तो शहर को दंगे की त्रासदी नहीं झेलनी पड़ती। रामनवमी शोभायात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन पर लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन को धन्यवाद दिया।

Leave a Comment